अंतर्राष्ट्रीय काव्य सम्मेलन : राजनांदगांव की साहित्यकार आभा श्रीवास्तव रायपुर में सम्मानित

0
4
Spread the love

राजनांदगांव। राजधानी के विन्तरा सभागार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय काव्य सम्मेलन साहित्य और काव्य चेतना का प्रमुख केंद्र बना। इस गरिमामय आयोजन में देश-विदेश सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में राजनांदगांव की वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवयित्री आभा श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अमेरिका की प्रसिद्ध कवयित्री सुश्री अनिता कपूर उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती शकुंतला तरार, अरुण निगम, जयप्रकाश मानस, गिरीश पंकज, सुशील त्रिवेदी, डॉ. अभिलाष बेहर, कृष्ण लाल एवं डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी शामिल हुए। इस भव्य आयोजन का संयोजन डॉ. सीमा निगम (अध्यक्ष, जय जोहार साहित्य एवं संस्कृति संस्था), डॉ. सीमा अवस्थी तथा डॉ. सुधीर शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बहुचर्चित पुस्तक बदलता बस्तर का लोकार्पण रहा, जिसका विमोचन मुख्य अतिथि सुश्री अनिता कपूर द्वारा किया गया। इस पुस्तक में वरिष्ठ साहित्यकार आभा श्रीवास्तव का एक विशेष लेख भी संकलित है। उपस्थित समीक्षकों और साहित्यकारों ने इस लेख को छत्तीसगढ़ की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों को बयां करने वाला एक महत्वपूर्ण लेख बताया।
सम्मेलन के दौरान आभा श्रीवास्तव ने अपनी कविताओं का पाठ किया, जिसमें सामाजिक संवेदना, नारी शक्ति और मानवीय मूल्यों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में उनकी दीर्घकालीन साधना और निरंतर योगदान को देखते हुए आयोजन समिति ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed