भीषण गर्मी में बच्चों की खेल प्रतियोगिता खतरे में, मनीष सिंह गौतम ने KVS का फैसला रद्द करने की मांग की
राजनांदगांव। प्रदेश में भीषण गर्मी और हीट-वेव के बीच केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय रीजनल स्पोर्ट्स मीट पर विवाद बढ़ गया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और कांग्रेस खेल-कूद प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनीष सिंह गौतम ने इस आयोजन को बच्चों की जान से खिलवाड़ बताते हुए इसे तत्काल रद्द करने या स्थगित करने की मांग की है।
श्री गौतम ने आरोप लगाया कि जब पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है और स्कूलों में अवकाश घोषित किए जा चुके हैं, ऐसे समय में छात्रों को लंबी यात्रा कराकर खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजना बेहद गैर-जिम्मेदाराना फैसला है। उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर द्वारा लिया गया यह निर्णय अदूरदर्शी और संवेदनहीन है।
उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज करने वाली यह योजना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है। श्री गौतम ने कलेक्टरों और जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन क्या राज्य प्रशासन के नियमों से ऊपर है। उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
उन्होंने जोर देकर कहा कि रीजनल स्पोर्ट्स मीट को तुरंत रद्द या स्थगित किया जाए और नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेताया कि किसी भी बच्चे के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने की स्थिति में पूरी जिम्मेदारी KVS, जिला प्रशासन और राज्य सरकार की होगी।
प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे के बीच यह मामला अब बच्चों की सुरक्षा बनाम प्रशासनिक जिद के रूप में देखा जा रहा है। अभिभावकों में भी नाराजगी बढ़ रही है, और सबकी नजर अब शासन-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
