मानपुर में मनाया गया पंचायत सचिव स्थापना दिवस, सेवानिवृत्त सचिवों का हुआ सम्मान
मोहला – मानपुर में पंचायत सचिव स्थापना दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रेणुका टांडिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त पंचायत सचिवों को सम्मानित किया गया। सचिवों ने अपनी दीर्घकालिक और प्रमुख मांग शासकीयकरण पर विस्तृत चर्चा की और इसे जल्द पूरा करने की आवाज उठाई।
मुख्य अतिथि रेणुका टांडिया ने सचिवों के काम की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत सचिव हर सरकार की नीतियों के अनुसार खुद को ढालकर बिना किसी कमी के काम करते हैं। उन्होंने कहा आप लोगों ने हमेशा भारी दबाव में भी बेहतरीन काम किया है और सबकी सुनकर सामंजस्य बैठाया है। आपकी शासकीयकरण की मांग पूरी तरह जायज है। मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारी सरकार इसी पंचवर्षीय कार्यकाल में आपकी इस मांग को पूरा करेगी। इसके अलावा जनपद सदस्य ने सचिवों को पेन डायरी भेंट कर सम्मानित किया।
स्थापना दिवस के इस मौके पर बड़ी संख्या में पंचायत सचिव और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन की मजबूती और अपने अधिकारों के लिए एकजुटता का संकल्प लिया. मंच का सफल संचालन सीताराम साहू द्वारा किया गया।
