नीट पेपर लीक को लेकर युवाओं ने निकाली रैली, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Oplus_16908288
मोहला – नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में गहराते आक्रोश के बीच मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के युवाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को युवाओं ने मोहला में विशाल रैली निकालकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए छात्र छात्राओं ने सिस्टम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रैली पलटन ग्रुप के नेतृत्व में निकाली गई थी। रैली बस स्टैंड से मुख्य मार्ग से होते हुए कलेक्टर कार्यालय ज्ञापन सौंपने निकली थी मगर कार्यालय से पहले पुलिस द्वारा रैली को बैरिकेट लगाकर रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम डॉ हेमेंद्र भूआर्य को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

युवाओं की प्रमुख मांगे
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद छोड़ें।
भविष्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत कानून बने।
पेपर लीक सिंडिकेट और इसमें शामिल भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी एक्शन लिया जाए।
परीक्षा लीक से प्रभावित हुए छात्रों को न्याय और उचित मुआवजा मिले।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की जाए।

युवाओं का कहना है कि जब तक देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं होता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
