छत्तीसगढ़ की बेटियों ने बढ़ाया मान : जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी गीता यादव और मधु सिदार

0
5
Spread the love

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। बैंगलोर में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश की दो होनहार खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप 2026 की 20 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम में हुआ है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर बालिका एशिया कप में दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा होंगी। गीता यादव बीते 3 वर्षों से जूनियर इंडिया टीम में शामिल हैं। इससे पूर्व वे बेल्जियम, नीदरलैंड्स और जर्मनी का दौरा कर चुकी हैं, और यह उनका दूसरा अंतर्राष्ट्रीय दौरा होगा। वहीं जशपुर की रहने वाली मधु सिदार ने महज एक वर्ष के भीतर अपनी कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रतिभा के बल पर टीम में यह मुकाम हासिल किया है।
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव को शुरुआती दौर में शिव चौहान ने हॉकी सिखाई। इसके बाद राजनांदगांव हॉकी स्टेडियम में कोच अनुराज श्रीवास्तव से 3 वर्षों तक हॉकी की बारीकियां सीखकर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। बाद में उनका चयन खेलो इंडिया सेंटर (बहतराई, बिलासपुर) के लिए हुआ। दूसरी ओरए मधु सिदार ने स्कूली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से अपने खेल की शुरुआत की और फिर स्टेट एक्सीलेंस बिलासपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर इस मुकाम तक पहुंचीं।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि इस वर्ष प्रदेश के 3 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में जगह बनाई है। इससे पूर्व बिलासपुर के अवि मानिकपुरी ने सब-जूनियर भारतीय टीम का जापान में प्रतिनिधित्व किया था।
दोनों खिलाड़ियों के चयन होने पर विष्णु देव साय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, अरुण साव उप मुख्यमंत्री व खेल मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, डा. रमन सिंह सिंह विधानसभा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ शासन, विजय शर्मा उप मुख्यमंत्री, गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, श्रीमती रायमुनी भगत विधायक जशपुर, संतोष पांडे सांसद राजनंदगांव, श्रीमती तनुजा सलामे निर्देशक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विक्रम सिंह सिसोदिया, महापौर मधुसूदन यादव, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, फिरोज अंसारी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हॉकी, मनीष श्रीवास्तव महासचिव छत्तीसगढ़ हॉकी सहित सभी हॉकी खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और दोनों खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *