जंगलपुर की तीरंदाजी से राज्य स्तर तक पहुंची प्रतिभा, चार खिलाड़ी रायपुर खेल अकादमी के लिए चयनित

0
4
Spread the love

राजनांदगांव। ग्रामीण अंचल के छोटे से गांव जंगलपुर में संचालित निःशुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र की मेहनत रंग लाने लगी है। संस्कारधानी तीरंदाजी संघ राजनांदगांव द्वारा संचालित इस केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे चार प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी (तीरंदाजी) के लिए हुआ है। हाल ही में आयोजित एकेडमी चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर इन खिलाड़ियों ने राज्य की प्रतिष्ठित खेल संस्था में अपनी जगह बनाई है।
चयनित खिलाड़ियों में रामपुर निवासी ओजल यादव और मिष्ठी सिन्हा तथा जंगलपुर निवासी कुमकुम साहू और नीलम सिन्हा शामिल हैं। इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह का माहौल है।

आईबी ग्रुप ने बढ़ाया मदद का हाथ
ग्रामीण क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईबी ग्रुप ने तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र को आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। इस वित्तीय सहायता से खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सामग्री, उन्नत प्रशिक्षण और आगामी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी।
आईबी ग्रुप ने इस अवसर पर कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच और संसाधन प्रदान करना समाज के प्रति एक सकारात्मक पहल है। वहीं, तीरंदाजी प्रशिक्षकों ने आईबी ग्रुप का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

विगत 3 वर्षों से जारी है निःशुल्क प्रशिक्षण
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जंगलपुर के खेल मैदान में पिछले 3 वर्षों से यह निःशुल्क प्रशिक्षण अभियान अनवरत जारी है। एनआईएस कोच राहुल साहू, कुशल रजक और कोच भोपेन्द्र सिन्हा खिलाड़ियों को तीरंदाजी की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ अनुशासन, खेल भावना और सकारात्मक जीवन शैली का पाठ पढ़ा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक बुराइयों और नशे से दूर रखकर क्षेत्र में एक मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण करना है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जताया हर्ष
खिलाड़ियों की इस बड़ी सफलता पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष चंदू साहू, प्राचार्य चीतेन्द्र वर्मा, पीटीआई शिक्षक मनीष पांडे, व्याख्याता पुनाराम यादव, सुरेंद्र साहू, जंगलपुर सरपंच भूपेंद्र साहू, रामपुर सरपंच सतीश सिंह, डोंगरगांव जनपद उपाध्यक्ष मनीष साहू, जॉनी वॉकर सहित समस्त ग्रामवासियों और खेल संघ के सदस्यों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *