जेएनवी डोंगरगढ़ में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन, छात्राओं ने बांधी राखियां

0
3
Spread the love

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) डोंगरगढ़ में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व आत्मीय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह एवं उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल के मार्गदर्शन में हुआ।

कलाई पर सजी राखियां, लिया सुरक्षा का संकल्प
समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के अटूट रिश्ते की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान, स्नेह और सहयोग की भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दीपचंद चौरसिया ने रक्षाबंधन के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर परिसर का माहौल उत्सवमय बना दिया।

संस्कृति और मूल्यों को मजबूत करते हैं त्यौहार : प्राचार्य
शुभकामनाएं देते हुए प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है। वहीं उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास करते हैं।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन ने परिसर में आत्मीयता का रंग घोल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *