सांकरा व टेड़ेसरा शराब दुकानों से अवैध आपूर्ति की शिकायत, जांच की मांग

0
6
Spread the love

राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र में शराब दुकानों से कथित रूप से अवैध शराब की आपूर्ति और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री की शिकायत को लेकर जनता युवा कांग्रेस ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। जिला महासचिव ऋषभ रामटेके के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने थाना सोमनी प्रभारी एमन साहू को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कुछ शराब दुकानों से कोचियों के माध्यम से शराब की अवैध आपूर्ति कर आसपास के ढाबों एवं अन्य स्थानों पर बिक्री की जा रही है। संगठन ने शराब दुकानों में कार्यरत कुछ कर्मचारियों की संभावित संलिप्तता अथवा मिलीभगत की शिकायतों की भी जांच कराने की मांग की है।

ऋषभ रामटेके ने विशेष रूप से सांकरा एवं टेड़ेसरा स्थित शराब दुकानों की जांच की मांग करते हुए कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से शराब की आपूर्ति तो नहीं की जा रही है, इसका सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने संबंधित दुकानों के कर्मचारियों की भूमिका तथा कोचियों से संभावित मिलीभगत की जांच करने की भी मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से मनघटा रिसॉर्ट के आसपास, थाना सोमनी क्षेत्र के ढाबों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर अवैध शराब की उपलब्धता और बिक्री की शिकायतों का भी सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की आपूर्ति अथवा बिक्री की पुष्टि होती है तो इसका असर कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों पर पड़ सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत का गोपनीय और निष्पक्ष सत्यापन कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव ऋषभ रामटेके के साथ शहर जिला अध्यक्ष बिलाल सोलिन खान, ईश्वर देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *