राष्ट्रीय ताइक्वांडो मीट में जयपुर संभाग ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप

0
3
Spread the love

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में आयोजित नवोदय विद्यालय समिति राष्ट्रीय ताइक्वांडो मीट-2026 का समापन बुधवार को हुआ। एक से तीन सितंबर तक चली प्रतियोगिता में देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जयपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। पटना संभाग दूसरे और लखनऊ संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह शाम छह बजे आयोजित किया गया। नवोदय विद्यालय समिति भुवनेश्वर संभाग के सहायक आयुक्त डॉ. वाईएसएस चंद्रशेखर मुख्य अतिथि रहे। विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने अतिथि का स्वागत किया। समारोह में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न वर्गों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और स्थान प्राप्त करने वाले संभागों के खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हैदराबाद सर्वश्रेष्ठ अनुशासित, शिलांग को मार्च पास्ट का पुरस्कार

निर्णायक मंडल के निर्णय के आधार पर हैदराबाद संभाग को सर्वश्रेष्ठ अनुशासित संभाग का पुरस्कार दिया गया। वहीं उद्घाटन समारोह के दौरान हुए मार्च पास्ट में शिलांग संभाग को सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का पुरस्कार मिला। अनुरक्षकों और टीम मैनेजरों को भी शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

अंडर-14 में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में आयुष (जेएनवी सीतापुर, लखनऊ), डीके कौशिक (जेएनवी दावणगेरे, हैदराबाद), अनमोल कुमार (जेएनवी भोजपुर, पटना), प्रीतम एस. (दावणगेरे), अरिहंत हुमाने (जेएनवी नागपुर, पुणे), अभिलाष यादव (जेएनवी सीतापुर) और अंकु कुमार (जेएनवी भोजपुर) ने अपने-अपने भार वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।

इसके अलावा देवानंद पीएम, रविश कुमार, अतुल, वैभव दुबे, प्रेमशंकर जाट, नोबोजित डांगरीय और वेदांग गोयल सहित अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 में भी रोमांचक मुकाबले

अंडर-19 वर्ग में प्राग्या प्रिया बोराह (जेएनवी जोरहाट, शिलांग), त्रिनासरी बोराह, दिम्पा कुमारी, अनुराधा केवट, दिव्या, सोनम चंद्रा और गरिमा चोपड़ा ने अपने-अपने भार वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजली अहिरवार, पल्लवी आर., एंजेल, सांगिनी कुमारी, भूमि सोनी, मीराबोथेम और कृष्णा सोनी सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न वर्गों में पदक हासिल किए।

खेल के साथ व्यवस्थाओं पर भी रहा जोर

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विभिन्न नवोदय विद्यालयों के प्राचार्य, उपप्राचार्य, शिक्षक, प्रशिक्षक और कर्मचारियों ने जिम्मेदारियां संभालीं। जवाहर नवोदय विद्यालय सूरजपुर के प्राचार्य अजीत प्रताप सिंह ने खेल मैदान और ग्राउंड से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी की। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय दंतेवाड़ा के उपप्राचार्य धर्मेंद्र यादव ने भोजनालय व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा समयबद्ध वितरण पर नजर रखी।

आयोजन के ओवरऑल इंचार्ज जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ के उपप्राचार्य संजय कुमार मंडल रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के बीच समन्वय बनाकर आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल और उमा देवी धुर्वे ने भी उनके मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोंडागांव के नायडू, धमतरी के साहू तथा जयपुर रीजन की टीम मैनेजर एवं जवाहर नवोदय विद्यालय प्रतापगढ़ की उपप्राचार्य पूजा सोनी सहित विभिन्न विद्यालयों से आए कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया।

समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती उइके ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक रामकुमार चंद्रा एवं विज्ञान शिक्षिका दिव्या जैन ने किया। आयोजन के लिए विद्यालय परिवार ने राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव, डोंगरगढ़ एसडीएम कुमार विश्वास और नवोदय विद्यालय समिति भुवनेश्वर संभाग के सहयोग के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *