प्रेसवार्ता- भाजपा ने गिनाए साय सरकार की उपलब्धि,कांग्रेस ने दी न्याय की गारंटी
मोहला – शनिवार को आदर्श आचार संहिता लगने से पहले भाजपा के जिला अध्यक्ष मदन साहू एवं पूर्व संसदीय सचिव संजीव शाह के नेतृत्व में प्रेसवार्ता कर राज्य के भाजपा सरकार के तीन महीने की उपलब्धियों को गिनाया वहीं दूसरी ओर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने लोक सभा चुनाव के लिए अपने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया है। चुनाव के मद्दे नजर दोनो राष्ट्रीय पार्टियों ने कमर कस ली है और अपनी अपनी उपलब्धियों,घोषणाओं को लेकर जनता के बीच पहुंचने की तैयारी में है । उल्लेखनीय है की इस बार राजनांदगांव लोक सभा हाई प्रोफाइल सीट है जहां कांग्रेस से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा के वर्तमान सांसद संतोष पाण्डेय आमने सामने है।
कांग्रेस ने दी युवा,नारी,किसान न्याय की गारंटी
कांग्रेस पार्टी के जारी चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं, महिलाओं ,किसानो के लिए की पांच पांच गारंटी का वादा किया है। जिलाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने से हर महिलाओं को साल में एक लाख , हर महीने 8333 रुपए देगी। इसके अलावा केंद्रीय नौकरियों में आधा हिस्सा महिलाओं का होगा। युवाओं के लिए 33 लाख नौकरियों की भर्ती , किसानो के लिए एम एस स्वामी नाथन की सिफारिशों को लागू करेगी ।
भाजपा ने तीन महीने की उपलब्धि गिनाए
भाजपा जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार के तीन महीने की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि तीन महीने के अल्प समय में हमारी सरकार ने सभी वर्गो के हित में बड़े फैसले लिए है। पहले कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंजूरी दी। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खाते में एक हजार रुपया भेजा गया। इसके अलावा किसानो और तेंदू पत्ता संग्राहको से किया वादा पूरा किया।
