देश के श्रेष्ठ 250 शिक्षकों में बलौदाबाजार की चित्रा साहू, राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत सम्मान से नवाजी गईं

0
2
Spread the love

बलौदा बाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड की एक और शिक्षिका ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कोलिहा में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती चित्रा साहू को उनकी उत्कृष्ट शिक्षण शैली और नवाचारों के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत सम्मान-2026 से विभूषित किया गया है।
रायपुर के शांतिनगर स्थित वीमतारा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में देशभर के चुनिंदा शिक्षकों के बीच उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। यह पूरा आयोजन पूर्व प्रधानपाठक स्वर्गीय हरिवंश मिश्र की पुण्यतिथि को समर्पित था।

कड़े पैमानों पर परखी गई दावेदारी
इस राष्ट्रीय सम्मान की रेस में देशभर से करीब 700 शिक्षकों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्चस्तरीय पैनल ने सभी आवेदनों का बारीकी से मूल्यांकन किया। गहन जांच और भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) के बाद देशभर से केवल 250 उत्कृष्ट शिक्षकों का अंतिम चयन किया गया, जिसमें चित्रा साहू ने बाजी मारी।

इसलिए बनीं नंबर वन : चित्रा साहू के ये प्रयास रहे सबसे अलग
शिक्षिका चित्रा साहू को यह सम्मान उनके विद्यालय में किए गए निम्नलिखित उल्लेखनीय बदलावों और शिक्षण पद्धतियों के लिए दिया गया है। उन्होंने बच्चों को कठिन वैज्ञानिक सिद्धांतों और कला को आपस में जोड़कर बेहद आसान व रोचक तरीके से सिखाया। रटने की पुरानी पद्धति को बदलकर पूरी तरह से छात्र-केंद्रित और प्रयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा दिया। बच्चों को किताबों के ज्ञान के अलावा पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों की व्यावहारिक शिक्षा देकर सजग नागरिक बनाया। स्कूल के विकास के साथ-साथ स्थानीय समुदाय (पालकों और ग्रामीणों) को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा।
समारोह में जुटे दिग्गज, बोले-जब शिक्षक सम्मानित होता है, तो समाज का भविष्य गौरव महसूस करता है। समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व हरिभूमि समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एलआर स्टील रायगढ़ के संस्थापक व शिक्षाविद् संजय अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाषाविद् डॉ. चितरंजन कर और संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा उपस्थित रहे।

शिक्षकों को मिला बड़ा मंच
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के कार्यकारी प्रबंधक जितेंद्र मिश्रा ने कहा, यह आयोजन देशभर के शिक्षकों को अपने नवाचार और श्रेष्ठ पद्धतियों को साझा करने का सशक्त मंच देता है। जब एक शिक्षक सम्मानित होता है, तब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थी और समाज का भविष्य गौरवान्वित होता है।

बधाइयों का तांता
शिक्षिका चित्रा साहू की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर बलौदाबाजार जिले के शिक्षा विभाग, सहकर्मी शिक्षकों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *