सावन के पहले दिन आस्था का अनूठा समागम : मोहरा से शिवनाथ का जल लेकर सिंघोला महाकाल धाम पहुंचे कांवड़िए

0
2
Spread the love

राजनांदगांव। पवित्र सावन मास के प्रथम दिवस पर संस्कारधानी में भक्ति का अनोखा रंग देखने को मिला। जीवनदान सेवा संस्था के तत्वावधान में लगातार चौथे वर्ष विशाल डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। मोहरा स्थित शिवनाथ नदी से पवित्र जल लेकर कांवड़िए दौड़ते हुए सिंघोला महाकाल धाम पहुंचे और बाबा महाकाल के शिवलिंग का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य आयोजक शिवगण के रूप में मां पाताल भैरवी बर्फानी धाम, श्री महाकाल मंदिर सिंघोला तथा हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।
यात्रा का शुभारंभ मोहरा शिवनाथ नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार व पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्निहोत्री एवं हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा ने संयुक्त रूप से सीटी बजाकर डाक कांवड़ यात्रा को रवाना किया। सीटी बजते ही हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ धावक शिवभक्त गंतव्य की ओर दौड़ पड़े।
संस्था के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि डाक कांवड़ यात्रा का यह निरंतर चौथा वर्ष है। जनमानस में धर्म और अध्यात्म के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए इस बार यात्रा के मार्ग का विस्तार किया गया है। विगत वर्ष कांवड़ यात्रा लगभग 30 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई थी। इस वर्ष उत्साह को देखते हुए शिवभक्त मोहरा नदी से डोंगरगढ़ तक लगभग 45 किलोमीटर की दूरी दौड़कर पूरी करेंगे।
जीवनदान सेवा संस्था ने इस धार्मिक यात्रा को सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए युवाओं एवं बच्चों को नशापान से दूर रहने का संकल्प दिलाया। संस्था का ध्येय है कि युवा वर्ग व्यसनों को छोड़कर अपने शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस पर विशेष ध्यान दे।
संस्कारधानी एवं आसपास के नागरिक इस पुनीत अभियान से जुड़ें। युवा वर्ग नशा पत्ती से पूरी तरह दूर रहकर अपने शरीर को स्वस्थ रखें, क्योंकि एक स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार और समाज का समुचित ध्यान रख सकता है।
यात्रा के दौरान जीवनदान सेवा संस्था के सदस्य, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कांवड़ मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed