कराटे प्रतियोगिता : दिल्ली में चमके राजनांदगांव के सितारे, वर्णिका ने जीता गोल्ड और सिल्वर मेडल
राजनांदगांव। तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित नेशनल कराटे प्रतियोगिता में शहर के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अंचल का नाम पूरे देश में रोशन किया है। प्रतियोगिता में साहू समाज की होनहार बेटी वर्णिका साहू (सुपुत्री श्रीमती लक्ष्मी गंजीर एवं अधिवक्ता श्री नरेश कुमार गंजीर) ने अपनी उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण (गोल्ड) और एक रजत (सिल्वर) पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, प्रकृति साव और विराज साहू सहित अन्य बच्चों ने कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में पदक जीतकर जैसे ही विजेता खिलाड़ी राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे, वहां पहले से मौजूद नगर साहू संघ के पदाधिकारियों और परिजनों ने उनका भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों के कदम स्टेशन पर पड़ते ही भारत माता के जयकारों और बधाई संदेशों से परिसर गूंज उठा। पदाधिकारियों ने सभी मेडल विजेताओं को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनकी इस उपलब्धि की सराहना की।
इस उपलब्धि पर नगर साहू संघ के अध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि छोटे शहरों के बच्चे अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहरा रहे हैं, जो पूरे समाज और शहर के लिए गर्व का विषय है। इस दौरान नगर उपाध्यक्ष अनिता साहू व अशोक साहू, संगठन सचिव लेखेन्द्र साहू, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत साहू, संयोजक हेमनाथ साहू व भागवत साहू, जिला साहू संघ की पूर्व उपाध्यक्ष नीरा साहू, युवा प्रकोष्ठ से आशीष साहू, नरेन्द्र कुमार साहू, विकास साहू और कराटे के उत्कृष्ट खिलाड़ी दुर्गेश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के साथ उनके माता-पिता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
