मसीह समाज ने फहराया तिरंगा, पर्यावरण संरक्षण के लिए कब्रिस्तान परिसर में किया पौधरोपण

0
5
Spread the love

राजनांदगांव। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मसीह समाज राजनांदगांव द्वारा स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वेसलियन मेथोडिस्ट चर्च परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्य अतिथियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के सस्वर गायन के साथ सभी उपस्थित जनों ने तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का दृढ़ संकल्प लिया।

ध्वजारोहण के उपरांत क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली विस्तार का संदेश देते हुए एक विशेष अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत मसीही कब्रिस्तान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए। सोसायटी के सदस्यों व समाज के लोगों ने केवल पौधे लगाए ही नहीं, बल्कि उनके संवर्धन और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए नियमित देखरेख का संकल्प भी उठाया।

आयोजन में मसीह समाज और क्रिश्चियन वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश और प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *