नशा मुक्ति और फिटनेस का संदेश लेकर 30 किमी दौड़े डाक बम, ग्राम छिपा लोधेश्वर महादेव में हुआ भव्य स्वागत

0
3
Spread the love

राजनांदगांव। पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार को जीवनदान सेवा संस्था द्वारा डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों (डाक बम) ने मोहरा स्थित शिवनाथ नदी से पवित्र जल लेकर लगभग 30 किलोमीटर की पैदल दौड़ पूरी की और ग्राम छिपा स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। वहां महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
यात्रा के ग्राम छिपा पहुंचने पर लोधी समाज के ओंकार भैया एवं ग्रामीणों की टीम ने डाक कांवड़ यात्रा का आत्मीय और भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों के लिए फलाहार एवं विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई थी।
जीवनदान सेवा संस्था इस डाक कांवड़ यात्रा के जरिए केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दे रही है। यात्रा के दौरान सदस्यों ने ग्रामीणों और युवाओं से नशापान से दूर रहने तथा शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने का आग्रह किया। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि युवा नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य पर ध्यान देंगे तो आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी और परिवार खुशहाल बनेगा। अभियान से लगातार युवा जुड़ रहे हैं, जिससे संस्था का उद्देश्य सफल होता नजर आ रहा है।
डाक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख ओमप्रकाश अग्निहोत्री, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा, राजबहादुर सिंह तथा ह्यूमन ग्रुप के सीईओ अमर सिंह राजपूत ने सीटी बजाकर किया।
संस्था द्वारा आगामी सावन के चौथे सोमवार को 45 किलोमीटर लंबी डाक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। कांवड़िया मोहरा शिवनाथ नदी से जल लेकर प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी की पावन धरा डोंगरगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। संस्था ने आमजनों से इस नशा मुक्ति अभियान और कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील की है। यात्रा के दौरान संस्था के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *