48 किमी डाक कांवड़ यात्रा में दिया नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश

0
2
Spread the love

राजनांदगांव। जीवनदान सेवा संस्था की 48 किलोमीटर लंबी डाक कांवड़ यात्रा मोहरा स्थित शिवनाथ नदी से जल लेकर मां बमलेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ पहुंची। यात्रा के दौरान संस्था के सदस्यों ने धार्मिक आस्था के साथ समाज को नशे से दूर रहने और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

यात्रा का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्निहोत्री, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा, राजबहादुर सिंह और ह्यूमन ग्रुप के सीईओ अमर सिंह राजपूत ने सीटी बजाकर किया। इसके बाद संस्था के सदस्य मोहरा शिवनाथ नदी से जल लेकर डाक कांवड़ के रूप में डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुए।

यात्रा के दौरान राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बसंतपुर और डोंगरगढ़ थाना पुलिस की टीम ने यात्रा को सुरक्षित तरीके से मां बमलेश्वरी मंदिर तक पहुंचाने में सहयोग किया। संस्था ने पुलिस अधीक्षक सहित दोनों थाना प्रभारियों और पूरे पुलिस बल के प्रति आभार जताया।

डोंगरगढ़ पहुंचने पर मां बमलेश्वरी मंदिर के पूर्व ट्रस्टी हनी गुप्ता की टीम ने संस्था के सदस्यों का स्वागत किया और फलाहार की व्यवस्था की।

यात्रा के समापन के अवसर पर डोंगरगढ़ पुलिस के जवानों ने संस्था के सदस्यों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान संस्था के सदस्यों और बच्चों को शारीरिक फिटनेस के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

जीवनदान सेवा संस्था ने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने सदस्यों के स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस पर ध्यान दे। नशे से दूर रहकर परिवार को सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है। संस्था ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *