वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर स्थापित किया भगवा ध्वज, जीर्णोद्धार के लिए निगम को पत्र लिखने की तैयारी

0
5
Spread the love

राजनांदगांव। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल के रखरखाव और साफ-सफाई को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने पहल की है। बुधवार को करणी सेना के पदाधिकारियों ने प्रतिमा परिसर में साफ-सफाई करने के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भगवा ध्वज स्थापित किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रतिमा स्थल की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और परिसर में हुई टूट-फूट तथा रखरखाव की कमी पर चिंता जताई।

करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल राजपूत समाज ही नहीं, बल्कि शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा के आसपास का परिसर व्यवस्थित और साफ-सुथरा रहना चाहिए। प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त रखरखाव नहीं होने से वहां की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

पहले सफाई, फिर स्थापित किया भगवा ध्वज

कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई से की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैली गंदगी को हटाया और आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया। इसके बाद वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भगवा ध्वज स्थापित किया गया। ध्वज स्थापना के दौरान पदाधिकारियों ने महाराणा प्रताप के शौर्य और स्वाभिमान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।

टूट-फूट देखकर जताई नाराजगी

सफाई के दौरान पदाधिकारियों ने प्रतिमा स्थल पर हुई टूट-फूट और रखरखाव की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय बहादुर ने मामले की जानकारी स्थानीय पार्षद को टेलीफोन के माध्यम से दी। उन्होंने प्रतिमा स्थल की व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग रखी।

निगम को लिखा जाएगा पत्र

करणी सेना के जिला अध्यक्ष अमन बहादुर सिंह ने कहा कि प्रतिमा स्थल के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई और जीर्णोद्धार के लिए नगर निगम को पत्र लिखा जाएगा। इसमें प्रतिमा परिसर की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत तथा स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग रखी जाएगी।

उनका कहना है कि प्रतिमा स्थल केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास और वीरता का प्रतीक है। इसलिए नगर निगम को इसकी देखरेख के लिए स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।

करणी सेना ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो समाज के प्रतिनिधि निगम अधिकारियों से मुलाकात कर प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार और नियमित रखरखाव की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश सचिव गोल्डी भदोरिया, प्रदेश सह सचिव संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष, विवेक सिंह ठाकुर अध्यक्ष युवा 1282,
जिला संयोजक कपिल सिंह, जिला उपाध्यक्ष अभिनव सिंह, जिला महामंत्री अजय कुशवाहा, संजय सिंह राजपूत,चंदन सिंह, परितोष सिंह, चंदन सिंह चंदेल, सुधीर सिंह,नीरज सिंह, हर्षवर्धन सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *