आस्था के बच्चों ने जीते पांच पदक, राष्ट्रीय पैरा योगासन स्पर्धा में बनाई जगह

0
4
Spread the love

राजनांदगांव। आस्था मूकबधिर शाला के श्रवण बाधित बच्चों ने अपने पहले ही प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तरीय पैरा योगासन खेल स्पर्धा में पांच पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया है। रायगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में नौ जिलों के करीब 100 खिलाड़ियों ने श्रवण बाधित, मूकबधिर, दृष्टिबाधित और अस्थिबाधित वर्गों में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय योगासन खेल स्पर्धा का आयोजन 2 और 3 अक्टूबर को रायपुर में प्रस्तावित है।

मूकबधिर श्रेणी में कुल छह पदकों के लिए मुकाबला हुआ, जिसमें आस्था मूकबधिर शाला राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने पांच पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

अमन ने जीता स्वर्ण

अंडर-17 बालक वर्ग में अमन भंडारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग में लक्की मरकाम ने रजत और प्रियांशु यादव ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 बालिका वर्ग में पलक देशलहरे ने रजत तथा मानवी मंडावी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राजनांदगांव का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

प्रशिक्षण का मिला लाभ

सभी खिलाड़ी योगशाला योग संस्थान के प्रशिक्षकों किशोर माहेश्वरी, श्रुति ताम्रकार और प्रेम साहू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षकों ने बच्चों को योगासन की तकनीक के साथ आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाने पर भी काम किया। शाला की शिक्षिकाओं निशा हरिव्यासी, ज्योति वैष्णव और गौरव साहू ने भी प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिता स्थल तक बच्चों के साथ रहकर सहयोग किया।

बच्चों की सफलता पर आस्था मूकबधिर शाला के अध्यक्ष महेंद्र सुराना, सचिव राजेश जैन, कोषाध्यक्ष अनिल बड़कुल, योगासन भारत के जिलाध्यक्ष हेमंत तिवारी, लक्ष्मण लोहिया सहित संस्था के संरक्षक, संचालक, प्राचार्य और स्टाफ ने शुभकामनाएं दीं। अब खिलाड़ियों की नजर रायपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *