नवोदय विद्यालय में पूर्व विद्यार्थियों ने लगाए 80 नारियल के पौधे

0
4
Spread the love

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ पौधारोपण अभियान रविवार को भी जारी रहा। विभिन्न बैच के भूतपूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय पहुंचकर पौधारोपण किया। अभियान के दौरान विज्ञान पार्क और छोटे खेल मैदान के आसपास करीब 80 नारियल के पौधे लगाए गए। विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी सघन पौधारोपण की योजना है।

पौधारोपण अभियान में विद्यालय के प्रथम, तीसरे, नौवें और 11वें बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लिया। टिकेश्वर नेताम के बैच की ओर से 50 नारियल के पौधे उपलब्ध कराए गए। भीष्म ठाकुर के बैच ने 20 नारियल और 20 सुपारी के पौधे विद्यालय को दिए, जबकि आलोक कलचुरी के बैच की ओर से 15 नारियल के पौधों का रोपण किया गया। पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय को कुल 100 नारियल के पौधे उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।

विज्ञान पार्क और मैदान के आसपास रोपे पौधे

खेल शिक्षक अनिल कुमार पाल और उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने भूतपूर्व विद्यार्थियों के साथ विज्ञान पार्क और छोटे ग्राउंड के आसपास पौधारोपण कराया। अभियान में कैटरिंग सुपरवाइजर अवध मरण, श्रीमती उमा देवी धुर्वे, वेंकटेश, रोशन, सुनील कुमार सहित ग्रुप-डी कर्मचारियों का भी सहयोग रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि परिसर के चारों ओर नारियल के पौधे लगाने की योजना है। इससे विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ उसकी सुंदरता में भी इजाफा होगा। उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने पौधे उपलब्ध कराने और अभियान में सहभागिता के लिए पूर्व विद्यार्थियों का आभार जताया।

पूर्व सहयोगियों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व सदस्य त्रिलोक चौरे को विद्यालय की पेयजल समस्या के समाधान में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं आदिवासी क्षेत्र में अपनी पहचान रखने वाले दिनेश कवि ‘दिलेर’ को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सहयोग और पौधारोपण में सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय में अपने पुराने दिनों की यादें भी साझा कीं। भोजन के बाद उन्होंने शिक्षकों के साथ समय बिताया और फिर अपने-अपने घर लौटे। विद्यालय ने पूर्व छात्र टिकेश्वर नेताम द्वारा पूर्व में पेयजल व्यवस्था के लिए जलघर उपलब्ध कराने और सुधीर गोलछा द्वारा विद्यालय विकास में किए गए सहयोग को भी याद किया।

प्राचार्य श्री सिंह ने सभी पूर्व विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी पूर्व विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *