कलेक्टर तनुजा सलाम ने मानपुर विकासखंड की विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण

0
Screenshot_2026-10-31-09-52-47-78_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
Spread the love

 

 

मोहला – कलेक्टर तनुजा सलाम ने शुक्रवार को विकासखंड मानपुर के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने औंधी एवं सीतागांव धान खरीदी केंद्रों, कन्या छात्रावास, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम मानपुर डीआर ध्रुव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

आगामी धान खरीदी की तैयारियों के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती सलाम ने औंधी एवं सीतागांव धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बारदानों की उपलब्धता एवं किसानों के ई-केवाईसी की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केंद्र औंधी की इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को मशीन का पुनः कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी भी पहुंची। उन्होंने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उन्हें समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने निर्माणाधीन नवीन महाविद्यालय भवन औंधी का निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने संस्थानों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सलाम ने औंधी स्थित कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं के आवास, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही छात्राओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

औंधी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं की स्थिति तथा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने शिक्षकों को नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *