अंबागढ़ चौकी में सिख समाज ने निकाला नगर कीर्तन, दिया एकता का संदेश
अंबागढ़ चौकी – सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक गुरु नानक जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर में सिख समाज द्वारा पारंपरिक हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ विशाल नगर कीर्तन एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा की शुरुआत गुरुद्वारा से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान रागी जत्थों और श्रद्धालुओं ने मधुर भजन-कीर्तन और गुरुवाणी का गायन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान युवाओं और अखाड़ा दल के सदस्यों ने पारंपरिक गतका के हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसने नगरवासियों को रोमांचित कर दिया।
समाज के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने गुरु नानक जी के एक ओंकार समानता और मानव सेवा के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज में प्रेम, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
