प्रथम सावन सोमवार पर प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
अंबागढ़ चौकी – शिवनाथ नदी के पावन तट पर स्थित बाजार चौक के प्राचीन बड़ा शिव मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोषों से गुंजायमान रहा। प्रथम सावन सोमवार के विशेष अवसर पर सुबह से ही मंदिर में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। ज्ञात हो कि श्री महावीर मंदिर न्यास बजरंग चौक के तत्वावधान में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस माहव्यापी आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह छह बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण व रुद्राभिषेक और दोपहर तीन बजे से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन में चित्रकूट धाम उत्तर प्रदेश से पधारे पूज्य महेंद्र कृष्ण जी महाराज यज्ञाचार्य एवं कथा व्यास के रूप में श्रीराम कथा की अमृतवर्षा कर रहे हैं। महाराज श्री द्वारा भगवान राम के आदर्शों, धर्म और मानवीय मूल्यों पर दिए जा रहे ओजस्वी विचारों से श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रुद्राभिषेक और पूजन की समस्त सामग्री मंदिर परिसर में ही उपलब्ध कराई जा रही है। न्यास के संरक्षक पवन गुप्ता, शंकर खंडेलवाल, सतीश खंडेलवाल एवं उपाध्यक्ष सहित पूरी समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से परिवार सहित इस आयोजन में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
