गणपति विसर्जन की भव्यता के साथ व्यवस्था भी बेहतर हो : विवेक मोनू भंडारी

0
Vivek Bhandari 3
Spread the love

डोंगरगढ़। गणपति विसर्जन के दौरान निकलने वाली झांकियों की व्यवस्था को लेकर पूर्व जिला संयोजक एवं पूर्व मंडल महामंत्री विवेक मोनू भंडारी ने प्रशासन और पुलिस विभाग से समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन की भव्यता के साथ सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और अनुशासन पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है।

तार और सड़कों की व्यवस्था दुरुस्त करने का सुझाव

भंडारी ने कहा कि झांकी मार्ग में आने वाले बिजली और अन्य तारों को पर्याप्त ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए। साथ ही मार्ग में मौजूद गड्ढों और खराब सड़कों की मरम्मत समय रहते कराई जाए, ताकि बड़ी झांकियों के आवागमन में बाधा न हो।

उन्होंने पुरस्कार एवं सम्मान मंचों की तैयारी भी पहले से पूरी करने की बात कही। मंचों पर प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा की व्यवस्था के साथ निर्णायक मंडल एवं अतिथियों की व्यवस्था रात 10 बजे से पहले करने का सुझाव दिया, ताकि झांकियों को अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े।

जयस्तंभ-रेलवे स्टेशन मार्ग पर मंच बनाने का सुझाव

भंडारी ने जयस्तंभ चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग पर भी कुछ पुरस्कार एवं सम्मान मंच बनाए जाने का सुझाव दिया। उनके अनुसार गोल बाजार क्षेत्र में अधिक मंच होने से भीड़ और जगह की समस्या बन सकती है। वैकल्पिक मार्ग पर मंच होने से भीड़ का वितरण बेहतर हो सकता है और झांकियों को आगे बढ़ने के लिए अधिक स्थान मिल सकेगा।

नशे के खिलाफ कार्रवाई और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग

उन्होंने विसर्जन यात्रा के दौरान नशामुक्त और अनुशासित वातावरण बनाए रखने की अपील की। भंडारी ने कहा कि नशे की हालत में हुड़दंग करने या वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। महिलाओं, बच्चों और परिवारों की बड़ी संख्या में मौजूदगी को देखते हुए झांकी मार्ग पर प्रभावी पुलिस निगरानी की भी जरूरत है।

उन्होंने चार पहिया वाहनों के साथ टू-व्हीलर पेट्रोलिंग बढ़ाने का सुझाव दिया, ताकि संकरी गलियों और छोटे मार्गों पर भी पुलिस की पहुंच बनी रहे।

भंडारी ने कहा कि इन सुझावों का उद्देश्य विसर्जन आयोजन को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है। प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, झांकी समितियों और नागरिकों के समन्वय से आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *