धार्मिक मंच को राजनीतिक कटुता का अखाड़ा बनाना विश्वकर्मा जयंती की मर्यादा के खिलाफ – पवन गुप्ता
अंबागढ़ चौकी – विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर भाजपा ने तीखा विरोध जताया है। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के उपाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती जैसे पवित्र एवं सामाजिक अवसर को राजनीतिक कटुता और व्यक्तिगत छीटाकशी का मंच बनाना आयोजन की गरिमा के बिल्कुल विपरीत है।
पवन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि विश्वकर्मा जयंती सृजन, श्रम, कौशल और राष्ट्र निर्माण का पर्व है। यह किसी शीर्ष नेता को गाली देने या राजनीतिक विद्वेष निकालने का अवसर नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक भोलाराम साहू को ठेकेदारों की लंबित समस्याओं, भुगतान, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, रोजगार और क्षेत्र के विकास जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बात रखनी चाहिए थी। लेकिन इसके विपरीत मंच का दुरुपयोग प्रधानमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के लिए किया गया।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद और विरोध स्वाभाविक हैं, लेकिन विरोध की एक मर्यादा होती है। जिस दिन विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री का जन्मदिवस एक साथ पड़ रहा हो उस दिन राजनीतिक विरोध के बजाय सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाना चाहिए था। भारतीय परंपरा तो दुश्मन के जन्मदिन पर भी शुभकामनाएं देना सिखाती है, अपशब्द बोलना या बद्दुआ देना नहीं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों का राजनीतिकरण किसी भी दल के हित में नहीं है। आज यदि एक मंच से हमारे नेता के खिलाफ अपशब्द कहे गए हैं, तो कल किसी अन्य दल के नेता के साथ भी ऐसा हो सकता है। यह परंपरा लोकतंत्र और सामाजिक ताने-बाने दोनों के लिए नुकसानदेह है।
अंत में पवन गुप्ता ने आयोजकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि भविष्य में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की पवित्रता का ध्यान रखा जाए और ऐसे मंचों का उपयोग केवल समाज को जोड़ने और विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए किया जाए।
