मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में उत्साह के साथ मनाया गया राज्योत्सव; ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के संकल्प के साथ दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक
मोहला – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मिनी स्टेडियम, मोहला में सोमवार को जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव उत्साह, उमंग और गौरवशाली माहौल में संपन्न हुआ। इस वर्ष के राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जो महिला सशक्तिकरण और युवाओं की ऊर्जा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देती है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद ने छत्तीसगढ़ महतारी के शैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत का गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंग गया। श्रीमती वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और इसे धरातल पर लागू करने सख्त निर्देश भी दिए।

जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ केवल एक थीम नहीं, बल्कि एक सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है। महिलाओं को शिक्षा और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है, क्योंकि महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से भी अपनी प्रतिभा और नवाचार के जरिए प्रदेश के विकास में आगे आने की अपील की।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह और कलेक्टर तनुजा सलाम ने भी जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह, जिला पंचायत सदस्य नेहरू रजक, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
