जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में ‘आदर्श युवा ग्राम सभा’ आयोजित, छात्रों ने समझा लोकतंत्र का पाठ

0
1
Spread the love

डोंगरगढ़। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में ‘आदर्श युवा ग्राम सभा’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन कर गांव के विकास और सामाजिक मुद्दों पर गहराई से मंथन किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने ग्राम सभा के सदस्यों की भूमिका निभाते हुए शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और युवा सहभागिता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इस गतिविधि से विद्यार्थियों को संवाद, निर्णय लेने और समस्या समाधान का व्यावहारिक अनुभव मिला। आयोजन में दीपचंद चौरसिया, पल्लवी चावले, नेहा शुक्ला, डॉली देवांगन, साईराम पात्रो एवं दीपक जांगड़े सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

विद्यालय के उपप्राचार्य संजय कुमार मंडल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान के सक्रिय सहभागी भी हैं। उन्होंने कहा, “लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए विद्यार्थियों को ऐसे मंचों से जोड़ना आवश्यक है। यह पहल छात्रों में नेतृत्व, संवाद और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है।” उन्होंने छात्रों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की सीख दी।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘जिम्मेदार नागरिक—सशक्त समाज’ की भावना के साथ विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से रूबरू कराना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *