मोहला में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव हुए शामिल 

0
IMG-20261116-WA0268
Spread the love

 

मोहला – जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम में सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसके बाद उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजकीय गीत का गायन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

मंत्री श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और आजीविका संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि यह दिन हमारी सांस्कृतिक पहचान और महापुरुषों के योगदान को याद करने का अवसर है। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान समाज के उत्थान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, शहीद परिवारों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समय पर सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान कई पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, जिला पंचायत सदस्यगण,भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा, कलेक्टर तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ उज्जवल पोरवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed