कोसमी बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

0
Screenshot_2026-11-23-12-45-59-92_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
Spread the love

 

मोहला – मानपुर विकासखंड के ग्राम कोसमी स्थित प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में अव्यवस्थाओं की शिकायतों पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना की अध्यक्ष नम्रता सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद कर पढ़ाई, भोजन, रहन-सहन और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

बच्चों से बातचीत में छात्रावास की व्यवस्थाओं और अधीक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर खामियां सामने आईं। इसे गंभीरता से लेते हुए नम्रता सिंह ने तत्काल सहायक आयुक्त  से फोन पर चर्चा की और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधीक्षक को भी बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने, अनुशासन बनाए रखने और सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान नम्रता सिंह ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले बच्चे समाज और क्षेत्र का भविष्य हैं तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता व सुरक्षा देना संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों को घर जैसा सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय व ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण व समीक्षा जरूरी है तथा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य रेखा कोठारी, भाजपा जिला मंत्री मानसिंह टेकाम, भाजपा मंडल महामंत्री घनश्याम कड़ीयाम और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed