मोंगरा बैराज बनेगा जिले का प्रमुख इको-टूरिज्म हब, नौकायन और सफारी जैसी मिलेंगी सुविधाएं

0
Screenshot_2026-11-23-14-30-47-44_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
Spread the love

 

 

मोहला –  मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति को नई पहचान देने के लिए मोंगरा बैराज को प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय समिति ने 18 नवंबर को वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार की अध्यक्षता में अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम मोंगरा स्थित बैराज का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत उज्वल पोरवाल, एसडीएम मोहला शुभांगी गुप्ता, तहसीलदार अंबागढ़ चौकी, अन्य विभागों के अधिकारी और मुख्यमंत्री सुशासन फेलो मौजूद थे। समिति ने बैराज, बांध, आसपास के तालाबों, इको-पार्क और अमागढ़ की पहाड़ियों का जायजा लेकर क्षेत्र को एकीकृत पर्यटन स्थल के रूप में संवारने की संभावनाओं पर चर्चा की।

 

पर्यटकों के लिए प्रस्तावित सुविधाएं

 

प्रस्तावित योजना के अनुसार मोंगरा बैराज क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर बैठने, विश्राम और मनोरंजन की व्यवस्था की जाएगी। यहां वॉच टावर, पक्षी-दर्शन, नौकायन, नेचर ट्रेल, ट्रेकिंग, जंगल सफारी और कॉटेज विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा ‘टाइटैनिक’ थीम पर विशेष व्यू पॉइंट भी बनाया जाएगा, जहां सैलानी प्राकृतिक दृश्यों के बीच फोटोग्राफी कर सकेंगे। चट्टानों पर जनजातीय चित्रकला के जरिए स्थानीय आदिवासी कला और परंपराओं को उकेरने की योजना है, साथ ही सैलानियों की सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएंगे।

 

स्थानीय लोगों को मिलेगी आजीविका

 

परियोजना में स्थानीय लोगों की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को कैंटीन संचालन, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और नौकायन से जोड़ा जाएगा। कैंटीन में पारंपरिक जनजातीय व्यंजन परोसने का प्रस्ताव है, जिससे पर्यटकों को स्थानीय स्वाद का अनुभव मिल सकेगा और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

 

प्लास्टिक मुक्त रखने पर रहेगा जोर

 

पर्यावरण और जैव विविधता को बचाने के लिए मोंगरा बैराज क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल बनाने पर जोर दिया गया है। संयुक्त निरीक्षण के बाद समिति विभिन्न विभागों के समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी और जल्द ही इसे कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed